चीन की सरकार ने देश में बीबीसी के प्रसारण पर रोक लगा दी है। हाल ही में ब्रिटेन ने चीनी सरकारी चैनल सीटीजीएन का लाइसेंस रद्द कर दिया था और चीन ने एक सप्ताह पहले इसका जवाब देने की धमकी दी थी।
बीजिंग के राष्ट्रीय रेडियो और टेलीविजन प्रशासन (एनआरटीए) ने गुरुवार देर रात दिए एक वक्तव्य में कहा कि चीन में बीबीसी वर्ल्ड न्यूज ने नियमों का उल्लंघन किया है और देश के हितों को नजरअंदाज किया है। चीन में पहले ही कुछ होटलों, प्रतिष्ठानों और विदेशियों के लिए निर्मित आवासीय परिसरों के बाहर बीबीसी नहीं देखा जा सकता था। यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंध से इन जगहों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
एनआरटीए ने गुरुवार को प्रतिबंध की घोषणा करते हुए कहा कि बीबीसी ने कोरोना वायरस (कोविड-19) और शिनजियांग को लेकर गलत रिपोर्टिंग की है। ड्रैगन ने यह भी कहा कि बीबीसी ने न्यूज के सत्य और निष्पक्ष होने की आवश्यक शर्त का भी उल्लंघन किया है। एनआरटीए ने आरोप लगाया कि बीबीसी द्वारा प्रसारित की गई रिपोर्टों से चीन के राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचा है और उसकी राष्ट्रीय एकता भी कमजोर हुई है।
गौरतलब है कि, पिछले 4 फरवरी को ब्रिटेन ने चीन के सरकारी मीडिया सीजीटीएन को अपने देश में प्रतिबंधित किया था, उसके बाद से इस बात की चर्चा थी कि चीन भी इसके प्रत्युत्तर में बीबीसी को प्रतिबंधित करेगा। प्रतिबंध के दौरान ब्रिटेन की जांच में पाया गया था कि सीजीटीएन के पास संपादकीय नियंत्रण का अभाव था। इसके अलावा इस चैनल का संबंध चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के साथ भी था। (इंपुट: भाषा के साथ)