चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने एकतरफा जीत हासिल की है। बीजेपी-अकाली दल गठबंधन ने पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए 26 में से 21 सीटें अपने नाम कर कांग्रेस को करारा झटका दिया। कांग्रेस 4 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाई। अकाली दल को एक और निर्दलीय को एक सीट मिली।
चंडीगढ़ के निकाय चुनावों के नतीजों में भाजपा और अकाली दल गठबंधन का दबदबा रहा है। मतों की गणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। भाजपा की इस जीत को नोटबंदी पर चंडीगढ़ के लाेगों की मुहर समझा जा रहा है।
मीडिया रिपोट्स के अनुसार, चंडीगढ़ में वार्ड नं 17 से भाजपा की आशा जैसवाल ने 1700 वोट से जीत दर्ज की, वहीं वार्ड नं 21 से भाजपा के गुरप्रीत ढिलों ने 262 वोटों से जीत दर्ज की, वार्ड नं 24 से भाजपा के अनिल दुबे 5000 वोटों से, वार्ड नं 10 से अकाली भाजपा के हरदीप सिंह ने जीत दर्ज की।
वार्ड नं 13 से भाजपा की हीरा नेगी ने, वार्ड नं 22 से भाजपा के देवेश मोदगिल ने 1975 वोटों से, वार्ड नं 2 से भाजपा की राजबाला मालिक जीती। इस चुनाव में कुल 122 उम्मीदवार थे जिसमें से 67 निर्दलीय थे। नोटबंदी के बाद आ रहे इन नतीजों से बीजेपी का उत्साहित होना वाजिब है।