झारखंड में रांची के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संजय सेठ के पीए संजीव साहू को पुलिस ने यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार किया है। पीड़ित महिला ने भाजपा सांसद के पीए पर कई गंभीर आरोप लगाएं हैं।

पीड़ित महिला ने रांची के धुर्वा थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम को संजीव साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी रांची के लालपुर इलाके का रहने वाला है, यहीं उसकी स्टेशनरी का दुकान है। इसी दुकान पर महिला के साथ उसकी जान-पहचान हुई थी। हालांकि, महिला पहले से शादीशुदा है।
पुलिस ने महिला का कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी और महिला में पिछले दो साल से दोस्ती थी। इस वजह से दोनों अक्सर मिलते थे। महिला ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि आरोपी ने बहला-फुसला कर उसका यौन शोषण किया है। आरोपी ने महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण रांची पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि संजीव साहू ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और निजी जिंदगी में हर तरह का सहयोग करने की बात कहते हुए कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए। पीड़िता का कहना है कि उसके विरोध करने पर भी आरोपी ने उसकी बात अनसुनी कर दी।