बिहार में इन दिनों बाढ़ की वजह से जनजीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त हो चुका है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव बुधवार रात को अपने संसदीय क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाके का दौरा करने पहुंचे थे, इस दौरान वह नदी में गिर गए। यह घटना पटना ग्रामीण के धनरुआ क्षेत्र की है जो यादव के संसदीय क्षेत्र पाटलिपुत्र में आता है। वह लगातार दूसरी बार यहां से सांसद निर्वाचित हुए हैं।
मामले की जानकारी भाजपा सांसद राम कृपाल यादव ने अपने ऑफिशल सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है। राम कृपाल यादव ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “आज पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का सुबह से ही भ्रमण कर रहा हूँ। लोगों के दुःख दर्द को करीब से महसूस कर रहा हूँ और मदद की समुचित व्यवस्था के लिए निर्देश भी दे रहा हूँ। कई क्षेत्रों में स्थिति सच में काफी विकट है। लोग परेशान हैं। जल्द ही उनकी परेशानी दूर होगी। इस क्रम में आज मैं खुद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।”
यादव ने आगे लिखा, “धनरुआ के रमणी बिगहा में एक जगह पानी की गहराई ज्यादा थी। कोई सही नौका की व्यवस्था नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुछ व्यवस्था की। चचरी वाली नौका लाई गई। इसपर सवार हो गहरे पानी को पार कर ही रहा था कि नौका डूब गई। लोगों ने तत्परता से मुझे निकाला। हल्की चोट आई। आप जनता जनार्दन की दुआ से सुरक्षित हूँ।”
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी उन्होंने शेयर किया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि, वह अपने समर्थकों के साथ धरधा नदी पार करने की कोशिश में थे। उनके साथ कुछ स्थानीय लोग भी नाव पर सवार थे। नाव पर लोगों के समूह के साथ खड़े रामकृपाल यादव का अचानक संतुलन बिगड़ा जिससे नाव डगमगाने लगी।
नाव पर उनके साथ खड़े छह-सात लोग भी नाव के हिचकोले लेने से लड़खड़ाने लगे और एक दूसरे का सहारा लेने की कोशिश करने लगे। इस कोशिश में नाव का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और सांसद रामकृपाल यादव अपने साथ खड़े अन्य लोगों के साथ पानी में गिर गए। आनन-फानन उनके पास मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया। इस घटना में बीजेपी सांसद मामूली रूप से जख्मी हो गए।
ख़बरों के मुताबिक, सांसद कुछ सेकेंड तक बेहोश रहे और बाद में लोगों ने अपने गमछे से उन्हें हवा दी जिसके बाद वह होश में आए। गौरतलब है कि, बिहार में बारिश और बाढ़ से जनजीवन बेहाल है। प्रदेश की राजधानी पटना का तो काफी बुरा हाल है।
देखिए वीडियो
#WATCH Bihar: BJP MP Ram Kripal Yadav falls into the water after the makeshift boat he was in, capsized in Masaurhi, Patna district, during his visit to the flood affected areas yesterday. He was later rescued by the locals. (02.10.2019) pic.twitter.com/iwI4OdNGiH
— ANI (@ANI) October 3, 2019