गोवा-पंजाब में आम आदमी पार्टी की हार के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार(18 मार्च) को पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। फेसबुक लाइव के जरिए कार्यकर्ताओं से जुड़े। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम नेपोलियन नहीं हैं कि एक चुनाव के बाद दूसरा चुनाव जीतें और राज्यों पर कब्जा करें। हम राजनीति में देश के विकास के लिए उतरे हैं।
केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि अप्रैल में एमसीडी चुनाव के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि पार्टी निगम चुनाव दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लड़ रही है। दिल्ली सरकार की ओर से स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कामों की चर्चा संयुक्त राष्ट्र और सिंगापुर तक हो रही है।
पार्टी कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जी-जान से लगने का आह्वान करते हुए केजरीवाल ने कहा कि भाजपा द्वारा शासित नगर निगम में चीजों को सही करने का यह एकमात्र तरीका है।
केजरीवाल ने कहा कि ‘दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी है, इसके बावजूद यहां कचरे का ढेर है। हमने नगर निगम के साथ काम करने की अपनी पूरी कोशिश की। हमने उन्हें जितना चाहिए था उतनी धनराशि दी, लेकिन कोई काम नहीं बना। अब मैं नगर निगम में आप की सत्ता लाने के लिए आपसे कठिन परिश्रम करने के लिए कह रहा हूं।’
केजरीवाल ने कहा कि एमसीडी चुनाव में पार्टी ‘स्वच्छ दिल्ली’ एवं उसे लंदन एवं पेरिस की तरह बेदाग एवं सुंदर बनाने तथा नगर निकायों में भ्रष्टाचार खत्म करने एवं ‘स्वराज’ लाने पर बल देगी।
उन्होंने कहा कि हम नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करके दिल्ली को साफ-सुथरा करके लंदन-पेरिस की भांति बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी निगम चुनावों में जीत हासिल करेगी तो हम दिल्ली को साफ बनाएंगे और शिक्षा में सुधार होगा।
बता दें कि आम आदमी पार्टी(आप) ने पंजाब और गोवा में जोर-शोर से चुनाव लड़ा था और अपनी जीत के दावे भी किए थे। लेकिन चुनाव नतीजों ने केजरीवाल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गोवा में आप का खाता भी नहीं खुला और पंजाब में सिर्फ 20 सीट मिलीं।