भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और मुंबई के बांद्रा इलाके में लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर चिंता जाहिर की। शाह ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी घटनाएं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी भारत की लड़ाई को कमजोर करती हैं और इन्हें रोकने के लिए प्रशासन को सजग रहने की जरूरत है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “गृह मंत्री ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात की और मुंबई के बांद्रा इलाके में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर चिंता जाहिर की।” अधिकारी ने कहा कि अमित शाह ने स्थिति से निपटने के लिए महाराष्ट्र सरकार को अपने पूर्ण समर्थन की पेशकश की।
बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन की अवधि को तीन मई तक बढ़ाए जाने की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही करीब 1000 प्रवासी कामगार अपने पैतृक स्थान पर जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर मुंबई के बांद्रा इलाके में एकत्र हो गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रवासी कामगारों को दो घंटे बाद वहां से हटा दिया गया और उन्हें आश्वासन दिया गया कि बंद जारी रहने तक उनके खाने-पीने और ठहरने का इंतजाम किया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मी प्रवासियों को मुंबई के उपनगरीय बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास से हटाने के लिये हलका लाठीचार्ज करते नजर आए। (इंपुट: भाषा के साथ)