उत्तर प्रदेश: सपा प्रमुख अखिलेश यादव आजमगढ़ और आजम खान रामपुर से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

0

समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार (24 मार्च) को आजमगढ़ और रामपुर सीट से प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। आजमगढ़ से इस बार सपा मुखिया अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़ेंगे। जबकि रामपुर से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान को प्रत्याशी बनाया गया है। इससे पहले खबरें थीं कि अखिलेश यादव अपनी पत्नी की सीट कन्नौज से चुनाव लड़ सकते हैं। मगर अब समाजवादी पार्टी ने ऐसी खबरों से विराम लगा दिया है और अब यह तय हो गया है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव आजमगढ़ से ही चुनाव लड़ेंगे।

File Photo: PTI

आजमगढ़ सीट से इस वक्त अखिलेश के पिता और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव सांसद हैं। उन्हें सपा ने इस बार मैनपुरी से टिकट दिया है। अखिलेश यादव के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं। वहीं, आजम खान रामपुर से सपा के मौजूदा विधायक हैं और इस बार वह रामपुर लोकसभा सीट से सपा के प्रत्याशी होंगे।

इसके साथ ही सपा ने लोकसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने के लिए अपने स्टार प्रचारकों की टीम का भी ऐलान कर दिया है। सपा ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में अखिलेश यादव, राम गोपाल यादव, आजम खान, डिंपल यादव और जया बच्चन समेता कईओं के नाम हैं। हालांकि, हैरान करने वाली बात है कि इस सूची में मुलायम सिंह यादव का नाम नहीं है। स्टार प्रचारकों की लिस्ट में 40 नेताओं के नाम हैं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 37 और बहुजन समाज पार्टी 38 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि तीन सीटें राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के हिस्से में आई हैं। रायबरेली और अमेठी सीट पर गठबंधन अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगा। 2014 लोकसभा चुनाव की करें तो बीजेपी ने 71 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, बीजेपी की सहयोगी अपना दल ने दो सीटें जीती थीं। जबकि सपा ने पांच सीटें जीती थीं और कांग्रेस दो सीटें जीत पाई थी।

 

Previous articleRSS कार्यकर्ता के घर देसी बम फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल, घर की तलाशी में तलवारें और कुल्हाड़ी मिलीं, केस दर्ज
Next articleAkhilesh Yadav to contest from Azamgarh, Azam Khan from Rampur