उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को सड़क पर घायल पड़े एक फौजी को देखकर अपनी फ्लीट कार रुकवाई और उसे अपने सुरक्षाकर्मियों संग सिविल अस्पताल भिजवाया और उसे वहां भर्ती करवाया।

दरअसल, यह पूरा मामला लखनऊ के कैंट थाना क्षेत्र का है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार की सुबह अपने घर से पार्टी कार्यालय जा रहें थे। रास्ते में उनकी नजर भीड़ पर पड़ी तो उन्होंने भीड़ देखकर तुरंत अपनी फ्लीट रुकवाई और सुरक्षा गार्डों को मामला पता करने को भेजा।
उन्हें पता चला कि एक शख्स सड़क पर घायल स्थिति में पड़ा है। ये जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी फ्लीट में चल रहे सुरक्षाकर्मियों की गाड़ी से उसे अस्पताल भिजवाया और उसे वहां भर्ती करवाया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल पहुंचे घायल व्यक्ति ने बताया कि उसका नाम धर्मेंद्र कुमार है और वह एक फौजी है। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि धर्मेंद्र की हालत ठीक है। उसे प्राथमिक उपचार देकर अभी अस्पताल में ही रखा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री के मानवता भरे इस कृत्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर पूर्व मुख्यमंत्री की तारीफों के कसीदे पढ़े। वहीं, अखिलेश यादव के इस काम की सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर तारीफ कर रहें है। हर्ष कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘यही तो दरियादिली माननीय अखिलेश यादव जी को अन्य नेताओं से अलग बनाती है।’
अरविंद गिरी नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘राजनीति को पूरे मनोयोग से करने पर एक तपस्या की तरह दिखती है,जिसमें समाजसेवा के हर गुण समाहित होते है,यह झलक समाजवादी आंदोलन के भविष्य मा.अखिलेश यादव जी में सम्पूर्ण रूप से दिखता हैं। हमें गर्व है की एसे नेता के सानिध्य में हम काम करते हैं।’