रात 12 बजे मुलायम काटेंगे 77 किलो का केक

0

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव शनिवार को रात के 12 बजते ही सैफई में जानी-मानी हस्तियों के बीच 77 किलो का केक काटेंगे। इस कार्यक्रम के लिए सैफई में खासतौर से एक आलीशान स्टेज तैयार किया गया है। पूरे प्रदेश से लोग नेताजी का जन्मदिन मनाने के लिए सैफई पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पिता के जन्मदिन पर खासतौर से तैयारी की है। आयोजन को खास बनाने के लिए ही उन्होंने बॉलीवुड संगीतकार ए.आर. रहमान को अपनी प्रस्तुति देने के लिए बुलाया है।

मुख्यमंत्री अखिलेश ने शनिवार को मीडिया से कहा, “उप्र में इस बार ग्रीन यूपी अभियान के साथ पिताजी के जन्मदिन के मौके पर पेड़ लगाए जा रहे हैं। जनता नेताजी को बहुत प्यार करती है। लोग उनसे किस कदर प्यार करते हैं, वह बताने की आवश्यकता नहीं है।”

उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने हमेशा ही उप्र की बेहतरी के लिए काम किया है और इसी काम को समाजवादी आगे बढ़ा रहे हैं।

मेहमानों के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश शुक्रवार की दोपहर ही सैफई पहुंच गए थे। अपने गांव के नेता का स्वागत करने के लिए सैफई सजधज तैयार हो गया है, पूरा सैफई गांव बदला-बदला सा दिख रहा है। मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही जारी है। अखिलेश सरकार के कई मंत्री शुक्रवार की शाम से ही यहां जमे हुए हैं।

मुलामय के जन्मदिन का जश्न शनिवार आधी रात से ही शुरू हो जाएगा।

सपा सूत्रों की मानें तो यहां देसी-विदेशी एक लाख से ज्यादा खासोआम मेहमान सपा मुखिया के जन्मदिन के उपलक्ष्य में होने वाले जलसे में शामिल होंगे।

मुलायम सिंह यादव शनिवार की रात 12 बजे के बाद एथलेटिक्स स्टेडियम में अपने एक लाख मेहमानों के सामने केक काटेंगे। इसके पहले सपा मुखिया के ‘पर्यावरण प्रेम’ को देखते हुए वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। खुद मुलायम ने भी पौधा रोपा।

समारोह स्थल एथलेटिक्स स्टेडियम में बने मुंबइया मंच पर संगीतकार ए.आर. रहमान, जावेद अली, ए.हरिहरन अपनी टीम के दो सौ से अधिक कलाकारों के साथ स्वर लहरियों से मेहमानों का मनोरंजन करेंगे।

मुलायम के जन्मदिन में कई नामचीन हस्तियों के शिरकत करने की संभावना है। महानायक अमिताभ बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी, बिहार के नेता पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के आने की भी संभावना है। आयोजन समिति की ओर से कई देशों की नामचीन हस्तियों को भी न्योता भेजा गया है।

लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव व समिति के अध्यक्ष धर्मेद्र यादव भी समारोह स्थल पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।

पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री व सपा नेता सुनील यादव ने बताया कि ‘नेताजी’ के जन्मदिन की तैयारियों में सपा का युवा कार्यकर्ता जुटा हुआ है। सैफई में जन्मदिन की तैयारियां हो रही हैं, वहीं पूरे प्रदेश में सपा के कार्यकर्ता मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन को धूमधाम से मनाएंगे।

Previous articleMystery of DDCA balance sheets: Who signed 2013-14, 2014-15 accounts?
Next article4 ट्वीट कर तेजस्वी ने किया विरोधियों पर पलटवार , कहा ‘ किताब की परख कवर पेज देख कर न करें